दो बाईक की टक्कर में एक युवक घायल
- बीजाडांडी, नारायणगंज मार्ग में हुआ हादसा
मंडला महावीर न्यूज 29. बीजाडांडी से नारायणगंज की तरफ आ रहा एक बाईक सवार युवक हादसे का शिकार हो गया। हादसे में युवक को चेहरे व शरीर में अन्य जगह चोटे आई। हादसे के बाद स्थानीयजनों ने एम्बुलेंस को सूचना दी। जिसके बाद एम्बुलेंस में घायल युवक को नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उपचार के लिए लाया गया। जहां युवक का उपचार किया जा रहा है।
जानकारी अनुसार बकछेरागोंदी निवासी सुनील मसराम पिता मंगल सिंह मसराम 35 वर्ष अपने साथी संतोष पावले पिता विरस पावले 18 वर्ष निवासी बकछेरागांदी के साथ किसी कार्य से बीजाडांडी की तरफ गए हुए थे। यहां वापस दोनों अपनी मोटरसाईकिल से लौट रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात बाईक सवार तेज रफ्तार में मार्ग क्रॉस कर रहा था, उसी दौरान सुनील की बाईक उस अज्ञात बाईक सवार से भिंड गए। हादसे के बाद अज्ञात बाईक सवार तत्काल अपनी बाईक लेकर मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद स्थानीयजनों ने बाईक सवार घायल युवक को तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भेजा। जहां हादसे में घायल सुनील मसराम के चेहरे में करीब चार टांके लगाए गए। वहीं संतोष पावले को मामूली चोटे आई थी। हादसे की जानकारी टिकरिया पुलिस को दी। मामला दर्ज कर पुलिस हादसे की जांच कर रही है।









