महाकाल की नगरी में मंडला के वूशु खिलाडिय़ों का दबदबा
- राष्ट्रीय मार्शल आर्ट गेम्स में जीते 8 गोल्ड सहित 13 पदक
- राष्ट्रीय स्तर पर चमके मंडला के मार्शल आर्ट सितारे
- मुख्यमंत्री ने खिलाडिय़ों के जज्बे को सराहा
मंडला महावीर न्यूज 29. उज्जैन के राजमाता विजयाराजे सिंधिया स्टेडियम में आयोजित 6वीं नेशनल मार्शल आर्ट गेम्स में मंडला जिले के खिलाडिय़ों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम पूरे देश में रोशन किया है। वूशु कोच पूर्णिमा रजक के कुशल नेतृत्व में मंडला की टीम ने प्रतियोगिता में कुल 13 पदक अपने नाम किए, जिसमें 8 स्वर्ण, 3 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं।
1000 खिलाडिय़ों के बीच दिखाया दम
27 से 29 दिसंबर तक चले इस खेल महाकुंभ में देश के 20 से अधिक राज्यों के लगभग 1000 खिलाडिय़ों ने वूशु, बॉक्सिंग और ताइक्वांडो जैसी 14 विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखाई। मंडला के 13 खिलाडिय़ों ने कड़े मुकाबलों में श्रेष्ठता सिद्ध करते हुए पदकों की झड़ी लगा दी। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इन्होंने बढ़ाया जिले का मान
जिले वुशू खिलाडिय़ों ने राष्ट्रीय मार्शल आर्ट गेम्स में 8 गोल्ड सहित 13 पदक अपने नाम किये है। जिसमें देवश्री उपमन्यु 20 किग्रा, मैकल करोसिया 45 किग्रा, प्रखर बर्मन 40 किग्रा, हर्ष बनवाला 56 किग्रा, श्रेयांश चौरसिया 45 किग्रा, अनुज रजक 52 किग्रा, अंश झरिया 65 किग्रा और समर्थ विश्वकर्मा ने स्वर्ण पदक हासिल किया है। वहीं पार्थ उपमन्यु 28 किग्रा, आर्या शुक्ला 36 किग्रा एवं शिवी श्रीवास्तव 45 किग्रा में रजत पदक अपने नाम किया है। इसके साथ ही कांस्य पदक पावनी सराफ 28 किग्रा और मणिका तिवारी 32 किग्रा में कांस्य पदक हासिल किया है।
मुख्यमंत्री ने बढ़ाया उत्साह
समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मार्शल आर्ट केवल एक खेल नहीं, बल्कि आत्मरक्षा, अनुशासन और राष्ट्र सेवा के लिए चरित्र निर्माण का सशक्त माध्यम है। प्रतियोगिता में पूर्णिमा रजक, सोनिया रजक और अमन सिंह ठाकुर ने ऑफिशियल की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खिलाडिय़ों की इस बड़ी उपलब्धि पर जिले के खेल प्रेमियों और नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।










