गैस सिलेंडर ऑटो से टकराई स्कूटी, हादसे में दो युवतियां गंभीर घायल
- सीसीटीवी में कैद हुआ खौफनाक मंजर
- गलत दिशा से आ रही स्कूटी के उड़े परखच्चे
- एक युवती जबलपुर रेफर
मंडला महावीर न्यूज 29. ग्राम पंचायत बिनैका में मंगलवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक स्कूटी पर सवार दो युवतियां सामने से आ रहे गैस सिलेंडरों से लदे ऑटो से जा टकराईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और युवतियां सड़क पर काफी दूर जा गिरीं। इस हादसे का दिल दहला देने वाला सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस जांच कर रही है।
गलत दिशा से आ रही थी स्कूटी
हादसा मंगलवार सुबह बिनैका स्थित चौरसिया मोहल्ला के पास हुआ। बुधवार को सामने आए सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, सड़क पर एक बाइक सवार अपनी सही दिशा में जा रहा था। तभी सामने से गलत दिशा में तेज रफ्तार से आ रही स्कूटी, जिस पर दो युवतियां सवार थीं, बाइक को बचाने के प्रयास में बेकाबू हो गई। अनियंत्रित स्कूटी सीधे सामने से आ रहे गैस सिलेंडर ऑटो से जा भिड़ी।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना होते ही ऑटो चालक और स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत सक्रियता दिखाई और लहूलुहान हालत में दोनों युवतियों को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद एक युवती की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में स्कूटी की रफ्तार और गलत दिशा साफ नजर आ रही है। फुटेज को साक्ष्य के तौर पर शामिल कर हादसे के कारणों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️










