सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज की स्वास्थ्य टीम की निगरानी में चल रहा घायलों का उपचार
अज्ञात वाहन ने मजदूरों से भरे वाहन को रौंदा, एक की मौत, 9 घायल
- कुड़ामैली घाट पर खूनी संघर्ष
- काम से लौट रहे थे मजदूर, भीषण टक्कर के बाद पिकअप पलटा
- आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के नारायणगंज टिकरिया थाना अंतर्गत नेशनल हाईवे-30 पर एक हृदय विदारक सड़क हादसा हो गया। मंडला जबलपुर एनएच 30 मार्ग में नारायणगंज कुड़ामैली घाट पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मजदूरों से भरे पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में एक मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि नौ अन्य श्रमिक घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल टिकरिया पुलिस और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 डायल और टिकरिया थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल सीएचसी नारायणगंज उपचार के लिए लाया गया।
जानकारी अनुसार नारायणगंज कुड़ामैली में हुए सड़क हादसे में सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज लाया गया। जहां नारायणगंज सीएचसी के सभी स्टाफ मौके पर मौजूद रहे और घायलों का उपचार नारायणगंज के चिकित्सकों की निगरानी में शुरू किया गया। सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल के मार्गदर्शन में सभी घायलों का बेहतर उपचार सीएचसी नारायणगंज स्टाफ द्वारा दिया जा रहा है।

भीषण टक्कर से पलटा वाहन, मची चीख-पुकार
बताया गया कि जब बीजाडांडी क्षेत्र में काम पूरा कर मजदूर एक पिकअप वाहन में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वाहन कुड़ामैली घाट पर पहुँचा, मंडला की तरफ से आ रहे एक अनियंत्रित तेज रफ्तार वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन सड़क पर ही पलट गया और उसमें सवार मजदूर दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसका फायदा उठाकर अज्ञात वाहन चालक वाहन सहित अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।
डायल 112 और एम्बुलेंस पहुंची घटना स्थल
इस दुर्घटना में कुड़ामैली निवासी राम सिंह पट्टा पिता मिरपत पट्टा की दर्दनाक मौत हो गई है। सूचना मिलते ही तत्काल टिकरिया पुलिस और डायल 112 से आरक्षक राम मसकरे और पायलट अशोक यादव मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने तत्काल सभी घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से नारायणगंज स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे में एक की मौत और नौ व्यक्ति हुए घायल
कुड़ामैली घाट पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक 35 वर्षीय रामसिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं इस सड़क दुर्घटना में नौ व्यक्ति घायल हुए। घायलों में मानक यादव पिता गोविंद यादव 40 वर्ष निवासी कुड़ामैली, मुत्युजंय पिता बिंदर ठाकुर 35 वर्ष निवासी चिरी, साधु राम पिता लक्खू परते 52 वर्ष निवासी चरगांव, करण सिंह पिता भादू मरावी 40 वर्ष निवासी चरगांव, अरविंद पिता राजेश सिंह मरावी 30 वर्ष निवासी चरगांव, रामदयाल पिता केहर सिंह मरावी 35 वर्ष निवासी चरगांव, अखिलेश कुड़ापे पिता अशोक कुड़ापे 17 वर्ष निवासी चरगांव, सज्जू पिता शिवलाल परस्ते 45 वर्ष निवासी चरगांव, अगंत पिता चैन सिंह विश्वकर्मा 62 वर्ष निवासी टिकरिया घायल हुए है।
जांच में जुटी पुलिस
टिकरिया पुलिस ने मृतक के शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। टिकरिया पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फरार वाहन की तलाश और पतासाजी की जा रही है। नेशनल हाईवे पर लगातार हो रहे इन हादसों से स्थानीय ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।










