148 बटालियन सीआरपीएफ ने बटालियन परिसर में मनाया दीपोत्सव: कमाण्डेन्ट ने बढ़ाया जवानों का मनोबल
एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना के साथ जवानों ने मनाया त्यौहार, मुख्यालय में हुई सामूहिक पूजा और दावत
देश सेवा के बीच जवानों ने परिवार की कमी पूरी कर हर्षोल्लास से मनाई दीवाली
मंडला महावीर न्यूज 29. केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 148 बटालियन ने 20 अक्टूबर 2025 को अपने बटालियन मुख्यालय में दिवाली का पर्व बड़े उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया। देश की सेवा में अपने घरों से दूर रहने वाले जवानों के लिए यह एक यादगार अवसर था, जहाँ बटालियन ने उनके लिए एक खुशनुमा और जीवंत पारिवारिक माहौल बनाने का प्रयास किया।
कमाण्डेन्ट ने किया दीप प्रज्वलित:
समारोह की शुरुआत बटालियन के कमाण्डेन्ट श्री विक्रांत सांरगपाणि द्वारा विधिवत दीप प्रज्वलित पूजा से हुई। इसके बाद, सभी अधिकारियों और जवानों ने भी दीप प्रज्वलित किए, जिससे मुख्यालय परिसर रोशनी से जगमगा उठा। इस अवसर पर बटालियन के सभी अधिकारी, जवान और उनके परिवार एक साथ मिलकर खुशियाँ बाँटीं।
सकारात्मकता का संदेश:
कमांडेंट श्री विक्रांत सांरगपाणि ने जवानों को संबोधित करते हुए उनकी देश के प्रति निस्वार्थ सेवा और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि दिवाली का यह त्यौहार हमें नकारात्मकता को सकारात्मकता में बदलने का संदेश देता है और यह पर्व कठिन परिस्थितियों में तैनात जवानों के मनोबल को बढ़ाने का काम करता है।
भाईचारा और एकता:
यह उत्सव बटालियन में आपसी भाईचारे और सामुदायिक भावना को और मजबूत करने का जरिया बना। विभिन्न राज्यों से आए जवानों ने एक साथ मिलकर त्यौहार मनाया, जिससे ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना प्रतिबिंबित हुई। मुख्यालय मेस में विशेष पकवानों के साथ बड़े खाने का आयोजन किया गया, जिसमें जवानों ने सामूहिक रूप से भोजन का आनंद लिया।
समारोह में श्री मनोरंजन कुमार, उप कमाण्डेन्ट, सूबेदार अंकुष शर्मा के साथ वाहिनी के अन्य अधिनस्थ अधिकारियों एवं जवानों ने भाग लिया। यह समारोह इस बात का प्रमाण है कि कर्तव्य पथ पर रहते हुए भी जवान अपने त्योहारों को पूरी उमंग और उत्साह के साथ मनाते हैं, जिससे उनका मनोबल हमेशा ऊंचा बना रहता है।












