मवई प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर, फिर भी विकास की राह में पिछड़ा

मवई प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर, फिर भी विकास की राह में पिछड़ा

  • मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहा मवई जनपद मुख्यालय, भूमि की कमी और प्रशासनिक अनदेखी बनी चुनौती

मंडला महावीर न्यूज 29. घने जंगलों और नर्मदा की पावन धरती पर बसा मवई अपने प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक महत्व के कारण मंडला जिले की एक महत्वपूर्ण जगह है। छत्तीसगढ़ की सीमा और अमरकंटक के पास होने के बावजूद आजादी के सात दशक बाद भी यह क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से पूरी तरह नहीं जुड़ पाया है। ग्राम पंचायत होने के साथ मवई जनपद मुख्यालय भी है, जहाँ ब्रिटिश काल से ही पुलिस थाना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और अन्य सरकारी कार्यालय संचालित हैं। इन संस्थानों के कारण यहाँ की आबादी तो बढ़ी, लेकिन योजनाबद्ध विकास का अभाव आज भी स्पष्ट दिखाई देता है।

मूलभूत सुविधाओं और विकास का इंतजार 

मवई मुख्यालय में सबसे बड़ी चुनौती भूमि की कमी है। सरकारी कार्यालयों के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिलती, जिसके कारण स्वीकृत कॉलेज और आईटीआई जैसे महत्वपूर्ण भवनों का निर्माण मुख्यालय से दूर हो रहा है। कॉलेज भवन 3 किलोमीटर दूर तो आईटीआई 5 किलोमीटर दूर धनगांव में बन रहा है। इस बिखरे हुए विकास से जनता को असुविधा हो रही है, जबकि पास के रमतीला और कुर्सीपर जैसे गाँवों में पर्याप्त जमीन उपलब्ध है।

नई उम्मीदों की किरण जागी 

बताया गया कि हाल के वर्षों में कुछ सकारात्मक पहल भी हुई हैं। रमतीला रोड से बांधा किसान मोहल्ला तक बनी सड़क ने नई बसाहट की उम्मीद जगाई है। इससे किसानों की जमीन का मूल्य बढ़ा है और लोग अपने खेतों में मकान बनाने को प्रेरित हो रहे हैं। थाने के पीछे और बाजार चौक से रमतीला तक सड़क निर्माण से भी विकास की गति तेज होने की संभावना है।

राजनीतिक इच्छाशक्ति की दरकार 

मवई के पास प्राकृतिक संपदा, औषधीय वनस्पतियों और पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। लेकिन इन संभावनाओं को साकार करने के लिए सशक्त राजनीतिक इच्छाशक्ति और संवेदनशील प्रशासनिक दृष्टिकोण की सख्त जरूरत है। सरकारी जमीनों को अतिक्रमण से मुक्त कराना, नई बसाहट के लिए व्यवस्थित योजना बनाना और शिक्षा व स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार ही मवई को एक स्वप्निल नगर में बदल सकता है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को मिलकर काम करने की जरूरत है, जिससे मवई का भविष्य संवर सके।



 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles