बस स्टैंड में विराजे मंडला के महाराज, भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ स्वागत
- भक्ति, भव्यता और उत्साह का संगम, दस दिनों तक होगी आराधना
मंडला महावीर न्यूज 29. नगर की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर बन चुका महाराजा बस स्टैंड गणेशोत्सव समिति इस वर्ष भी अपने भव्य आयोजन और अनोखी प्रतिमा के कारण सुर्खियों में है। पिछले कई वर्षों से यह समिति नगरवासियों के लिए अद्भुत और मनमोहक प्रतिमाएं स्थापित कर रही है। यही कारण है कि यहां विराजे भगवान श्री गणेश को श्रद्धालु सम्मान से मंडला का महाराज कहते हैं।
बताया गया कि इस वर्ष भी जब गणेश जी की प्रतिमा नगर में पहुंची, तो दृश्य देखने लायक था। युवाओं और श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा, आकर्षक लाइटिंग, रंग-बिरंगे झंडों और गगनभेदी बैंड-बाजों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। सैकड़ों की संख्या में जुटी भीड़ गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंज उठी। रात होते ही बस स्टैंड का पूरा परिसर दुल्हन की तरह सजाया गया, जहां जगमगाती लाइटें और सजावट लोगों को अपनी ओर खींच रही थीं।
अनोखी प्रतिमा बनी आकर्षण का केंद्र
इस बार भी समिति ने युवाओं की मेहनत और नई सोच से एक अद्भुत और आकर्षक प्रतिमा तैयार की है। इसे देखने के लिए न केवल मंडला नगर, बल्कि आस-पास के गांव-देहात से भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। यहां आने वाले हर भक्त का कहना है कि बस स्टैंड का महाराज अपनी भव्यता और आस्था के कारण पूरे जिले में सबसे अलग है।
आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजन
गणेशोत्सव के दौरान समिति द्वारा सुंदरकांड पाठ, महाआरती, भजन संध्या और अन्य धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। इन आयोजनों में युवाओं का उत्साह देखते ही बनता है। युवाओं का कहना है कि गणेशोत्सव सिर्फ एक पर्व नहीं, बल्कि हिंदुत्व और भारतीय संस्कृति की एक जीवंत झलक है, जिसे वे बड़े ही गौरव और श्रद्धा के साथ मना रहे हैं।









