भुआ बिछिया बस स्टैंड अतिक्रमण मुक्त, यात्रियों को जाम से राहत

भुआ बिछिया बस स्टैंड अतिक्रमण मुक्त, यात्रियों को जाम से राहत

  • दुकानदारों के लिए नई जगह की तलाश
  • प्रशासन की सख्त कार्रवाई
  • वट वृक्ष के पास से हटाए गए अवैध कब्जे

 

मंडला महावीर न्यूज 29. भुआ बिछिया नगर परिषद और स्थानीय प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए बस स्टैंड में फैले अतिक्रमण को हटा दिया। इस कार्रवाई से लंबे समय से यात्री वाहनों के आवागमन में बाधा बन रहे जाम से मुक्ति मिली है, हालांकि इससे प्रभावित छोटे दुकानदारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की आवश्यकता पर भी जोर दिया जा रहा है।

बताया गया कि बस स्टैंड पर कई दुकानदारों ने नालियों के ऊपर निर्माण कर लिया था, जिससे दुकानों के सामने बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े रहते थे और यातायात बाधित होता था। इसके साथ ही वट वृक्ष के आसपास भी फल-फूल और मनिहारी के ठेले और दुकानें फैली हुई थीं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी होती थी। बस एसोसिएशन ने इस समस्या को लेकर कई बार शिकायतें की थीं और आंदोलन भी किए थे, जिसके चलते बसों का संचालन कुछ समय के लिए मुख्य राजमार्ग से किया जाने लगा था। लेकिन समझौतावादी राजनीति के कारण स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ था।

 

एसडीएम की अगुवाई में हुई कार्रवाई 

शनिवार को बिछिया एसडीएम ने इस समस्या पर ध्यान देते हुए पूर्व में ही सभी अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए थे। शनिवार सुबह तहसीलदार, पुलिस प्रशासन और नगर परिषद के कर्मचारियों के सहयोग से बस स्टैंड से अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया गया। शुरुआती दौर में कुछ फल-फूल विक्रेताओं ने तहसीलदार के साथ गाली-गलौज और अपशब्दों का प्रयोग किया, लेकिन पुलिस प्रशासन, महिला पुलिस और नगर परिषद के कर्मचारियों की मौजूदगी में दिन भर यह कार्रवाई जारी रही। शाम तक बस स्टैंड पर लगे टीनशेड जो नालियों के बाहर निकल रहे थे और वट वृक्ष के आसपास की सभी दुकानें हटा दी गईं। एसडीएम के आदेश पर तहसीलदार और पुलिस प्रशासन ने मिलकर वट वृक्ष के नीचे से भी सभी दुकानों को अलग करा दिया।

 

वैकल्पिक व्यवस्था की मांग 

इस कार्रवाई से जहां बस स्टैंड पर लगने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या दूर होगी, वहीं उन छोटे दुकानदारों जो अपनी रोजमर्रा की रोजी-रोटी ठेले-ठेली से कमाते थे उनके लिए नई चुनौती खड़ी हो गई है। स्थानीय लोगों और प्रशासन से यह मांग की जा रही है कि नगर परिषद को ऐसे दुकानदारों के लिए कोई वैकल्पिक स्थान या जगह मुहैया करानी चाहिए, जिससे उनका रोजगार चलता रहे।

 

अतिक्रमण हटाने के बाद करा दी फैंसिंग 

अतिक्रमण हटाने के बाद देर शाम तक तहसीलदार और बिछिया नगर परिषद के कर्मचारियों ने वट वृक्ष के आसपास फैंसिंग भी करा दी, जिससे भविष्य में दोबारा अतिक्रमण की कोई गुंजाइश न रहे। इस पूरी कार्रवाई में तहसीलदार, नगर प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सक्रियता दिखाते हुए कार्य किया। यह कार्रवाई बस स्टैंड से लेकर थाने तक और राजमार्ग पर होने वाले यातायात अवरोध को कम करने में सहायक होगी, जिससे आम जनता और राहगीरों को होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।



 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles