दो ट्रकों की भीषण टक्कर, पांच घंटे फंसा रहा ड्राइवर
- बमुश्किल से निकला वाहन चालक
- सीधा पैर टूटा, गंभीर अवस्था में जबलपुर किया रैफर
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जबलपुर नेशनल हाईवे 30 मार्ग में नारायणगंज के टिकरिया थाना क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 8.30 बजे दो ट्रकों की आमने सामने भिंडत हो गई। जिसमें एक ट्रक चालक का पैर वाहन की स्टेरिंग में फंस गया। सड़क हादसे की जानकारी तत्काल स्थानीय लोगों ने टिकरिया पुलिस को दी। सूचना मिलते ही टिकरिया पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक में फंसे वाहन चालक को निकालने का प्रयास शुरू किया गया। करीब पांच घंटे बाद वाहन में फंसे चालक को बमुश्किल से निकाला जा सका। इस दौरान नेशनल हाईवे में जाम लग गया। जिससे गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी अनुसार एनएच 30 में टिकरिया थाना क्षेत्र में स्मार्ट सिटी नारायणगंज के पास दो भारी ट्रकों की आमने सामने टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहन क्रमांक सीजी 10 एजी 2151 जबलपुर से मंडला की तरफ जा रहा था। इसी दौरान वाहन क्रमांक आरजे 01 जीडी 7121 के वाहन चालक फागनू सिंह पिता संतराम 38 वर्ष निवासी बिलगहा रायपुर की तरफ से मंडला होते हुए जबलपुर की तरफ जा रहा था। अचानक जबलपुर की तरफ जा रहे ट्रक के सामने एक मवेशी आ गया। जिसे बचाने के चक्कर में ट्रक चालक ने अपना वाहन काटा और सामने से आ रहे ट्रक से भिड गया। दोनों वाहन रफ्तार में होने के कारण दोनों वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई। जिसमें जबलपुर की तरफ जा रहा ट्रक चालक वाहन की स्टेरिंग में बुरी तरह से फंस गया।
बताया गया कि हादसे के बाद हाईवे के दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। यात्री वाहन समेत भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई। तत्काल इस हादसे की जानकारी टिकरिया पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही तत्काल टिकरिया पुलिस घटना स्थल पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मिलकर फंसे हुए ड्राइवर फागनू सिंह को सुरक्षित निकालने का घंटो प्रयास करते रहे, लेकिन इनके प्रयास सफल नहीं हो सके। ट्रक चालक स्टेरिंग में बुरी तरह फंस चुका था।
स्टेरिंग में बुरी तरह फंसा था चालक का पैर
मंडला पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि सड़क हादसे में फंसे वाहन चालक को दोपहर करीब एक बजे के आसपास टिकरिया पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बमुश्किल बाहर निकाला। घटना स्थल पर मौजूद एम्बुलेंस की मदद से तत्काल घायल चालक को नारायणगंज सीएचसी उपचार के लिए ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार कर घायल वाहन चालक फागनू सिंह को जबलपुर मेडिकल रैफर कर दिया। चिकित्सक डॉ. राकेश विश्नोई ने बताया कि वाहन चालक के दोनों पैर बुरी तरह से ट्रक की स्टेरिंग में फंसे हुए थे। जिसमें घायल फागनू सिंह का सीधा पैर किसी लोहे के पार्ट से दबा हुआ था। जिसके कारण वाहन चालक को निकालने में मशक्कत करनी पड़ी। वाहन चालक का सीधा पैर घुटने के नीचे से बुरी तरह से टूट गया है। वाहन चालक की गंभीर हालत को देखते हुए तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रैफर कर दिया गया।
घंटो फंसे रहे यात्री और भारी वाहन
बताया गया कि रविवार सुबह करीब 8.30 बजे दोनों ट्रक की भिंडत के बाद नेशनल हाईवे 30 मार्ग में जाम लग गया। हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम लगने के कारण हाईवे से गुजरने वाले वाहनों के पहिये थम गए। घटना स्थल में पुलिस के पहुंचने के बाद बाधित यातायात को बहाल करने टिकरिया पुलिस ने वैकल्पिक व्यवस्था की। हादसे के करीब एक घंटे बाद जाम में फंसे वाहनों को एक-एक करके निकाला गया और यातायात सुचारू किया गया।