जिला प्रशासन ने क्रिकेटर शुचि उपाध्याय को पौधा भेंट कर किया सम्मान
मंडला महावीर न्यूज 29. कलेक्ट्रेट के गोलमेज कक्ष में अंर्तराष्ट्रीय महिला क्रिकेट खिलाड़ी शुचि उपाध्याय को जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया गया। शुचि श्रीलंका में आयोजित होने वाली त्रिकोणीय श्रृंखला के लिए बीसीसीआई द्वारा 15 खिलाडिय़ों की आधिकारिक घोषणा के बाद पहली बार मंडला आई थीं। जिला प्रशासन की ओर से मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रेयांस कुमट ने पौधा भेंट कर शुचि का स्वागत किया। इसके बाद उन्हें मंडला की प्रसिद्ध गोंडी पेंटिंग देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर श्री कुमट ने कहा कि यह जिले के लिए गर्व का विषय है कि मंडला जिले की बेटी आज अंर्तराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए खेलने चयनित हुई है। उन्होंने शुचि से बातचीत करते हुए कहा कि यह आपके करियर की शुरुआत है और आपको अभी बहुत लंबा रास्ता तय करना है। उन्होंने कहा कि यह गोंडी पेंटिंग आपको मंडला से जुड़े रहने की याद दिलाएगी। उन्होंने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप आने वाली श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन कर अंर्तराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करें। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय अधिकारी मंडला, तहसीलदार मंडला, सीईओ जनपद पंचायत मंडला, बीईओ मंडला सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
शुचि उपाध्याय का कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने किया भव्य स्वागत
मंडला महावीर न्यूज 29. प्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम में चयनित खिलाड़ी शुचि उपाध्याय का मंडला आगमन पर फूलों की मालाओं से भव्य स्वागत किया। उन्होंने शुचि उपाध्याय को भारतीय महिला क्रिकेट टीम में चयन होने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी मोबाइल पर शुचि उपाध्याय से बात की और उन्हें इस सफलता पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।