14-14 लाख की ईनामी महिला नक्सली मुठभेड़ में ढेर

14-14 लाख की ईनामी महिला नक्सली मुठभेड़ में ढेर

  • एक महाराष्ट्र और दूसरी छत्तीसगढ़ की थी दोनो नक्सली
  • सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में मिली बड़ी सफलता

मंडला महावीर न्यूज 29. केंद्र एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2026 तक भारत को वामपंथी अतिवाद से मुक्त करने के लक्ष्य के तहत चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान में मंडला पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। कान्हा राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में हुई एक मुठभेड़ में पुलिस ने माओवादियों के एमएमसी जोन मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के केबी डिवीजन कान्हा भोरमदेव की भोरमदेव एरिया कमेटी की 2 हार्डकोर महिला नक्सलियों को मार गिराया। ये दोनों महिला नक्सली 14-14 लाख की ईनामी नक्सली थी।

बताया गया कि सुरक्षा बलों को कान्हा राष्ट्रीय उद्यान के मुंडीदादार-गनेरीदादर-परसाटोला जंगल क्षेत्र में माओवादियों की सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों को इलाके में तलाशी के लिए भेजा गया था। बुधवार सुबह तलाशी अभियान के दौरान माओवादियों ने सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने और उनके हथियार लूटने के इरादे से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने बहादुरी और सूझबूझ का परिचय देते हुए प्रभावी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो वर्दीधारी हार्डकोर महिला माओवादी मारी गईं।

हथियार किये बरामद 

बताया गया कि मुठभेड़ स्थल से सुरक्षा बलों ने 1 एसएलआर रायफल, 1 अन्य रायफल, भरी मैगजीन, 1 वॉकीटॉकी सेट और चाकू बरामद किए हैं। घने जंगल का फायदा उठाकर भागे अन्य माओवादियों की तलाश में सुरक्षा बलों द्वारा मुठभेड़ क्षेत्र के आसपास गहन तलाशी अभियान जारी है। बताया गया कि प्रदेश में पहली बार डेढ़ माह की अवधि में दो अलग-अलग मुठभेड़ों में कुल 6 माओवादियों को मार गिराया है।

मुठभेड़ में दो महिला नक्सली की मौत

बताया गया कि मारी गई दो नक्सलियों में से एक छत्तीसगढ़ और दूसरी महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले की रहने वाली है। दोनों पर 14-14 लाख रुपए का इनाम घोषित था। मृत नक्सली महिला एसीएम ममता उर्फ रामबाई पत्नी राकेश ओडी, एसजेडसीएम केबी डिवीजन, निवासी मुरकुडी, थाना कोरची, जिला गढ़चिरौली, महाराष्ट्र की थी। इसके पास से सिंगल शॉट रायफल बरामद हुई है। इसके साथ ही दूसरी मारी गई नक्सली महिला एसीएम प्रमिला उर्फ मासे मंडावी, भोरमदेव एरिया कमेटी, निवासी पालीगुढेम, थाना चिंतलनार, जिला सुकमा, छत्तीसगढ़ है, इसके पास से एसएलआर रायफल बरामद की गई है।

9 मार्च के एनकाउंटर पर उठे थे सवाल 

बताया गया कि 9 मार्च को मंडला के कान्हा नेशनल पार्क के चिमटा वन परिक्षेत्र में हॉक फोर्स और नक्सली की मुठभेड़ हुई थी। जिसमें हॉक फोर्स ने इस मुठभेड़ में एक नक्सली मार गिराया था। वही दो नक्सली समर्थकों को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद इस मुठभेड़ का मद्दा तूल पकडऩे लगा और इस मुद्दे को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरा था। कांग्रेस ने विधानसभा में इस नक्सली एनकाउंटर को फर्जी बताया था, कांग्रेस का आरोप था कि नक्सली बताकर एक मानसिक रूप से कमजोर आदिवासी को मार डाला है। कांग्रेस ने पीडि़त परिवार को 2 करोड़ मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग की थी। जबकि सरकार ने जांच की बात कही थी।



 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles