कपिल अपने कार्यों से संगठन को सशक्त बनाने में देंगे योगदान
- कपिल वर्मा बने अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के जिला अध्यक्ष
- जिम्मेदारियों को कुशलता से निभाते हुए समाज एवं संगठन की प्रगति में देंगे महत्वपूर्ण योगदान
मंडला महावीर न्यूज 29. अखिल भारतीय कायस्थ महासभा द्वारा जिले में संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नवीन पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। महासभा ने कपिल वर्मा को जिला अध्यक्ष, मंडला (मध्यप्रदेश) पद पर मनोनीत किया है।
यह नियुक्ति महासभा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शशिकांत भटनागर की अनुशंसा पर की गई है। कपिल वर्मा को अगले एक वर्ष तक अथवा आगामी आदेश तक इस पद पर कार्य करने का दायित्व सौंपा गया है। महासभा ने विश्वास व्यक्त किया है कि वे अपने कार्यों के माध्यम से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने में योगदान देंगे।
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा ने अपने उद्देश्यों को स्पष्ट करते हुए कहा कि संगठन सामाजिक सेवा, संस्कृति, शिक्षा, सहयोग एवं कायस्थ समाज के उत्थान हेतु निरंतर कार्यरत है। महासभा के कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए नवनियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि वे संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाएं।
अपने कार्यकाल के दौरान कपिल वर्मा संगठन की नीति एवं कार्यक्रमों के संचालन में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्हें निर्देश दिया गया है कि वे विभिन्न विचारधाराओं और रचनात्मक गतिविधियों को अपनाते हुए समाज के हित में कार्य करें एवं महासभा को मजबूत बनाएं।
इस नियुक्ति की सूचना महासभा के वरिष्ठ पदाधिकारियों सुबोधकांत सहाय (राष्ट्रीय अध्यक्ष), मुकेश श्रीवास्तव (वरिष्ठ कार्यकारी अध्यक्ष), रामेश्वर मोहन श्रीवास्तव (राष्ट्रीय महामंत्री), शशिकांत भटनागर (प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष) और राजीव राय (प्रदेश महामंत्री) को भी दी गई है।
यह नियुक्ति 4 मार्च 2025 को जारी की गई एवं तत्काल प्रभाव से लागू होगी। महासभा ने आशा जताई है कि कपिल वर्मा अपने पद की जिम्मेदारियों को कुशलता से निभाते हुए समाज एवं संगठन की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।