नारायणगंज के चुटका से टिकरिया मार्ग जर्जर, आंदोलन की चेतावनी
- चुटका से टिकरिया का 25 किलोमीटर मार्ग जर्जर
- एक दर्जन गांव के ग्रामीणों को आवाजाही हो रही परेशानी
मंडला महावीर न्यूज 29. आदिवासाी बाहुल्य जिला मंडला में आज भी सैकड़ो ग्राम पहुंच विहीन मार्ग की बदहाली झेल रहे है। जिले के कई वनांचल आदिवासी क्षेत्रों में जर्जर मार्ग के कारण आवागमन में परेशानी का सामना ग्रामीणों को करना पड़ रहा है। ऐसे कई ग्राम भी है, जहां पहुंच मार्ग तो लेकिन मार्ग इतनी जर्जर हालत में कि उस पर आवागमन करना हादसे को न्यौता देने के बराबर है। यही हाल नारायणगंज विकासखंड के चुटका से टिकरिया मार्ग का है, जहां मार्ग की हालत खस्ताहाल है। यहां विगत कई माह से मार्ग निर्माण का कार्य किया जा रहा है, लेकिन संबंधित ठेकेदार ने मार्ग को उखाड़ दिए है। लेकिन मार्ग निर्माण नहीं कराया जा रहा है। जिसके कारण यहां से गुजरने वाले करीब एक दर्जन से अधिक ग्रामों के ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी अनुसार नारायणगंज जनपद के अंतर्गत ग्राम पंचायत पाठा के ग्राम चुटका में परमाणु बिजली घर बनना प्रस्तावित है। टिकरिया से चुटका मार्ग में बसे एक दर्जन से अधिक ग्रामों को इस मार्ग में आवाजाही में परेशानी हो रही है। इस मार्ग की सड़क को टिकरिया रोड ठेकेदार द्वारा उखाड़ दी गई। जिसके कारण करीब 12 पंचायत के ग्राम के ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मुल्लू सिंह मरावी ने बताया कि इस समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री के नाम स्थानीय प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा है। ग्रामीणों ने बताया कि बरगी बांध रानी अवंती बाई जलाशय के जल भराव से सैकड़ो गांव की जनता विस्थापित एवं प्रभावित होकर मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। जिसकी जानकारी शासन प्रशासन को भी है। यहां रहने वाले वंशिदे बरगी बांध से विस्थापित एवं प्रभावित है। जिन्होंने अपने पूर्वजों की बसाहट को छोड़कर जंगल में बसे हुए हैं। बावजूद इसके यहां के लोगों की मूलभूत सुविधाओं की तरफ स्थानीय प्रशासन का ध्यान नहीं है।
ग्रामीणों ने बताया कि शासन प्रशासन को ज्ञात है कि बरगी बांध का निर्माण विकास के नाम पर हुआ लेकिन बरगी बांध से विस्थापित एवं प्रभावित लोगों का विनाश ही हुआ है, इनका विकास नहीं। यहां बसे विस्थापितों को विकासखंड तहसील एवं जिला मुख्यालय पहुंचने के लिए सड़क मार्ग तक नहीं है, यदि है भी तो सड़क मार्ग बरसों से जर्जर हालत में है। चुटका परमाणु बिजली उत्पादन संयंत्र योजना के अंतर्गत सड़क निर्माण कार्य विगत तीन वर्षों से निर्माणाधीन है, जो जर्जर हालत में है। जिसके कारण बरगी बांध से विस्थापित एवं प्रभावित लोगों की परेशानी का शबब बन गया है।
यहां बसे ग्रामीणों को नारायणगंज मुख्यालय, तहसील जिला मुख्यालय आने-जाने में क्षेत्र वासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरगी पुनर्वास आयोग बना है, उसमें अधिकारी कर्मचारी नेता एवं विस्थापित लोगों को आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा गया है। बरगी बांध विस्थापित एवं प्रभावित जनता ने शासन प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि 31 मार्च तक टिकरिया से चुटका सड़क निर्माण पूरा नहीं किया जाता है तो, क्षेत्रीय ग्रामीण समेत आसपास के पंचायत के ग्रामीण आंदोलन करने विवश हो जाएगे। जिसकी संपूर्ण जवाबदारी शासन प्रशासन की होगी।