- 4 एवं 5 जनवरी को जबलपुर में प्रांत सम्मेलन
- संस्कृत भारती मंडला द्वारा आयोजित की गई पत्रकारवार्ता
- 4 एवं 5 जनवरी को जबलपुर में संस्कृत भारती महाकोशल प्रान्त का प्रान्त सम्मेलन
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला में संस्कृतभारती द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई, जिसमें 4 और 5 जनवरी को होने वाले प्रांत सम्मेलन के विषय में जानकारी दी गई। बताया गया कि संस्कृत भारती एक विश्वव्यापी संगठन है जो 1981 से संस्कृत भाषा के पुनरुज्जीवन एवं पुनरुत्थान के कार्य में सतत निरत है। संस्कृत भारती संस्कृत भाषा में निहित ज्ञान भंडार के संरक्षण, संवर्धन, विकास और प्रचार का कार्य कर रही है। संस्कृत भारती निष्ठावान् और समर्पित कार्यकर्ताओं का संगठन है, जो बिना किसी लाभापेक्षा के संस्कृत के ज्ञान प्रसार में संलग्न है। संस्कृत भारती ने अपनी विशिष्ट पाठन शैली के द्वारा आज तक विश्व में 10 करोड़ से अधिक लोगों को संस्कृत संभाषण में निपुण किया है।
01 लाख प्रशिक्षित शिक्षकों का समूह निरंतर संस्कृत संभाषण के कार्य को गति प्रदान कर रहा है। संपूर्ण विश्व में 6000 संस्कृत गृहम् है। जहां परिवार के सारे सदस्य संस्कृत में ही वार्तालाप करते हैं। वर्तमान में जगत् के 26 देश में 4500 संस्कृत शिक्षण केंद्र संचालित हो रहे हैं जहां पर सरल पद्धति से संस्कृत बोलना सिखाया जाता है। संस्कृत भारती जनपद, प्रान्त एवं विश्व संस्कृत सम्मेलन का आयोजन करती है।
इसी तारतम्य में संस्कृत भारती महाकोशल प्रान्त द्वारा संस्कारधानी जबलपुर के ग्वारीघाट स्थित साकेतधाम में 4 व 5 जनवरी को प्रांत संस्कृत सम्मेलनम् का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन आपके और आपके परिवार के लिए आध्यात्मिक, सामाजिक, वैज्ञानिक एवं व्यवहारिक दृष्टि से ज्ञानवर्धक सिद्ध होगा। इस आयोजन में प्रान्त के लगभग 2000 समर्पित कार्यकर्ताओं का समागम होगा। इस आयोजन में आपको सभी संस्कृत में बातचीत करते नजर आएंगे। प्रात: जागरण से रात्रि शयन पर्यंत अखंड संस्कृतमय वातावरण आपको आनंदित करेगा। सम्मेलन में संस्कृत फ्यूजन गीत-संगीत, लोकनृत्य एवं नाटकों के आनंद के सहित संस्कृत विज्ञान प्रदर्शनी वस्तु विज्ञान प्रदर्शनी एवं प्रत्यक्ष व्यवहार प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।
पत्रकारवार्ता में संस्कृतभारती के विभाग संयोजक प्रमोद शुक्ल, जिला मंत्री पूजा ज्योतिषी, संपर्क प्रमुख राजकुमार सोनी, सह संपर्क प्रमुख हेमंत सारथी, बाल केंद्र प्रमुख अनंता कोरी, नगर संयोजक आकाश कछवाहा, सदस्य विनोद कोरी सहित पत्रकार साथी उपस्थित रहे।