- अज्ञात कारणों से धान की खरी में लगी आग
- घुघरी में फायर बिग्रेड ना होने से किसान की फसल जलकर हुई राख
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड घुघरी मुख्यालय में रविवार को बस स्टैंड के समीप धान की दो खरी में अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गई। जिसके कारण खलियान में रखी धान की खरी जलकर राख हो गई।
जानकारी अनुसार घुघरी निवासी प्रकाश पाठक के खेत में दो धान की खरी रखी हुई थी। जिसमें अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गई। जैसे धान की खरी में आग लगी वहां मौजूद आसपास के लोगो ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन धान की खरी में लगी आग ने विकराल रूप ले लिया और लोगों के प्रयास पर पानी फिर गया। आग लगने के कारण दोनों धान की खरी जलकर खाक हो गई।
बताया गया कि आगजनी की घटना की जानकारी खेत मालिक प्रकाश पाठक को दी गई, लेकिन जब तक पूरी फसल जलकर खाक हो गई थी। घुघरी क्षेत्र में दमकल वाहन उपलब्ध नहीं है, यदि दमकल वाहन उपलब्ध होता तो आज एक किसान की फसल को कुछ हद तक बचाया जा सकता था। ग्रामीणों का कहना है कि घुघरी में फायर बिग्रेड ना होने के कारण अक्सर यहां आगजनी की घटना में लोगों को काफी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ता है।
बताया गया कि धान की खरी में अज्ञात कारणों से लगी आग के कारण करीब 50 से 60 क्विंटल फसल जलकर राख हो गईहै। जिसकी अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रूपए बताई गई है। खेत मालिक द्वारा घुघरी थाना में अर्जी लगाई है। घुघरी थाना प्रभारी वेदराम हनोते द्वारा एफआईआर दर्ज कर आग लगने के कारण का पता लगाने में जुट गई है।