- खेत में काम कर रहे युवक पर लोमड़ी ने किया हमला
- पैर, हाथ में आई चोट, नारायणगंज के देवगांव की घटना
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज के ग्राम देवगांव में विगत कुछ दिनों से वन्य प्राणी लोमड़ी का आतंक मचा है। शनिवार दोपहर ग्राम देवगांव के खेत में जुताई का काम कर रहे एक युवक पर अचानक लोमड़ी ने हमला कर दिया। लोमड़ी के हमले से युवक को पैर, हाथ में चोट आई है। आसपास के लोगों ने लोमड़ी को भगाया और इसकी जानकारी वन विभाग को दी।

जानकारी अनुसार शनिवार को नारायणगंज के ग्राम देवगांव में इंद्र कुमार सरवटे पिता रवि सिंह सरवटे 20 वर्ष अपने खेत में फसल कटाई के बाद आगामी फसल के लिए जुताई का काम कर रहा था। खेत में काम करते समय ही अचानक एक लोमड़ी ने इंद्र कुमार पर हमला कर दिया। लोमड़ी ने अचानक किये हमले में युवक के पैर और हाथ को काट कर घायल कर दिया। युवक ने अपने बचाव के लिए आवाज लगाई। आसपास काम कर रहे अन्य ग्रामीणों ने आवाज सुनकर तत्काल युवक के पास पहुंचे।

ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम देवगांव में विगत एक वर्ष से लोमड़ी का आतंक मचा हुआ है। वन्य प्राणी लोमड़ी ग्राम देवगांव के कई लोगों पर हमला कर चुका है। इंद्र कुमार ने बताया कि विगत दिनों भी उनके परिवार के सदस्य पर लोमड़ी हमला कर घायल कर चुकी हैं। लोमड़ी के हमले से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज उपचार के लिए लाया गया। जहां युवक इंद्र कुमार का उपचार किया गया। इस घटना की जानकारी वन विभाग को दे दी गई है।
05:27 PM