- दो बाईक की आमने सामने टक्कर, चार घायल
- नारायणगंज से बबलिया के बीच सिंघनपुरी के पास हुआ हादसा
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज से ग्राम बबलिया के बीच सिघनपुरी ग्राम के पास बुधवार को दो बाईक की आमने सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाईक में सवार सभी चार लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। जिसके बाद एम्बुलेंस से सभी घायलों को नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उपचार के लिए लाया गया। जहां उनका उपचार किया जा रहा है। वहीं इस हादसे की सूचना टिकरिया थाना पुलिस को दी गई। सूचना पर टिकरिया पुलिस नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंची।
जानकारी अनुसार प्रत्येक सप्ताह नारायणगंज मुख्यालय में साप्ताहिक बाजार लगता है। इस बुधवार को भी बाजार लगी। दीवाली त्यौहार के चलते बाजार में भीड़ रही। वहीं त्यौहारी बाजार में खरीदी करने आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से लोग पहुंचे। बताया गया कि हादसे में घायल दो व्यक्ति बाजार करके लौट रहे थे और दो व्यक्ति नारायणगंज बाजार आ रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया।
बताया गया कि बबलिया के सिघनपुरी ग्राम निवासी इंद्रावती मरावी और जसवंत मरावी नारायणगंज की साप्ताहिक बाजार आने के लिए निकले। वहीं नारायणगंज से बाजार करके सत्येन्द्र कुलस्ते और रामेश्वर मरावी लौट रहे थे। इसी दौरान बबलिया के ग्राम सिघनपुरी के पास दोनो बाईक सवारों की आमने सामने भिंडत हो गई। हादसे में बाईक सवार चारों लोग घायल हो गए। जिन्हें 108 एम्बुलेंस की मदद से नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया।
बताया गया कि एक बाईक में सवार इंद्रावती मरावी को कमर में चोट आई है। वहीं जसवंत मरावी को हाथ, पैर और सिर में चोट आई है। जिसका उपचार किया जा रहा है। वहीं दूसरी बाईक में सवार सत्येन्द्र कुलस्ते को सिर, पैर में चोट आई और दूसरे साथ को भी चोट आई। जिनका उपचार नारायणगंज स्वास्थ्य केन्द्र में चल रहा है। इस हादसे की सूचना नारायणगंज टिकरिया थाना को दी गई। सूचना के बाद टिकरिया पुलिस सीएचसी नारायणगंज पहुंची और पूछताछ कर मामला दर्ज किया है। हादसे की जांच टिकरिया पुलिस कर रही है।