बिलगढ़ा से वापस लौटी सर्वे टीम, विरोध जारी

  • बिलगढ़ा से वापस लौटी सर्वे टीम, विरोध जारी
  • ग्राम ओढ़ारी और बिलगढ़ा के बीच नर्मदा नदी पर प्रस्तावित बसनिया बांध का विरोध
  • ग्रामीणों ने कहा बांध परियोजना मंजूर नहीं

मंडला महावीर न्यूज 29. मोहगांव विकास खंड के अंतर्गत ग्राम ओढ़ारी और बिलगढ़ा के बीच नर्मदा नदी पर प्रस्तावित बसनिया बांध का सर्वे कार्य शुरू किया जाना है। इसके लिए नर्मदा घाटी विकास विभाग के दर्जनों कर्मचारी सहित वरिष्ठ अधिकारी प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर सर्वे कर रहे हैं। वहीं बांध प्रभावित ओढ़ारी, बरझर, चिमकाटोला, दरगढ, दुपट्टा, धनगांव, मुंडी आदि गांव के लोगों को विरोध लगातार जारी है।

लोगों ने सर्वे करने के लिए आए अधिकारियों को बताया जब हमें बांध परियोजना मंजूर नहीं है तो सर्वे का सवाल ही नहीं उठता है। अधिकारियों ने सर्वे हो जाने देने के लिए आग्रह किया लेकिन ग्रामीण ने इस अनुरोध को अस्वीकार कर दिया। घंटों चर्चा का कोई नतीजा नहीं निकलने के बाद सभी अधिकारी वापस चले गए। शनिवार की दोपहर नर्मदा घाटी विकास की सर्वे टीम और पुलिस बल के बिलगढ़ा पहुंचने पर ग्रामीण एकत्रित हो गए। सर्वे के सवाल पर अधिकारियों ने जवाब दिया कि ऊपर से आदेश है और हम लोगों की डयूटी भी जिला प्रशासन की तरफ से लगी है। हम आपकी आपत्ति को शासन स्तर तक पहुंचाएंगे। इस पर ग्रामिणों ने कहा कि हमारे गांव में आपका स्वागत है लेकिन हमलोग सर्वे नहीं कराना चाहते हैं।

बसनिया (ओढारी) बांध विरोधी संघर्ष समिति के उपाध्यक्ष तितरा मरावी ने सर्वे के लिए ग्राम सभा की मंजूरी वाला प्रस्ताव की मांग रखी। जिसे उपस्थित अधिकारी प्रस्तुत नहीं कर पाए। तितरा मरावी ने कहा कि सर्वे शेड्यूल के मुताबिक प्रत्येक गांव इसका विरोध किया जाएगा। उन्होंने ने कहा कि हम अनुसूचित क्षेत्रों के लिए दिए गए संवैधानिक प्रावधानों का पालन चाहते हैं। सर्वे टीम अपने साथ लाए गए दोपहर का भोजन कर वापस लौट गए।


Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles