- पति की दीर्घ आयु और सुहाग की सलामती के लिए महिलाओं ने रखा तीज व्रत
- घर-घर बंधे फुलेहरा, रात्रि जागरण कर किया गया भजन कीर्तन
मंडला महावीर न्यूज 29. हरितालिका पर्व भक्तिभाव से मनाया गया। महिलाओं ने निर्जला व्रत रखा। पति की दीर्घ आयु और सुहाग की सलामती के लिए भगवान शिव शंकर का पूजन-अर्चन किया गया। अविवाहित युवतियों ने योग्य वर के लिए व्रत धारण किया। इस पर्व में महिलाओं ने घर- घर फुलेहरा बांधे। रात्रि जागरण कर भजन कीर्तन किया। भगवान शिव को पकवानो व फलो का भोग लगाया गया। इस व्रत में भगवान शंकर की प्रतिमा स्थापित कर फुलेहरा बांधकर पूजन अर्चन किया गया। मान्यता है कि पार्वती जी ने हरितालिका व्रत रखा था जिससे भगवान शंकर जैसे पति मिले। यहीं मनोकामना के साथ महिलाओं ने पति की लंबी आयु एवं कन्याओं ने शिव जैसे पति पाने के लिए व्रत धारण किया।
महिलाओं ने सुबह से राम दतून कर स्नान के बाद भगवान भोलेनाथ का पूजन किया। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं ने अपने-अपने घरो में ही भगवान शिव की प्रतिमा बनाई। घर-घर में हरितालिका व्रत पर महिलाओ ने स्वादिष्ट पकवान भी पकाए। महिलाओं ने उपवास रखा तथा घर पर फुलेहरा बांधा गया। ग्रामीण क्षेत्रो में हरितालिका पर्व पर भजन कीर्तन भी किए गए।
ग्रामीण अंचलों में आस्था
तीजा का पर्व बम्हनीबंजर, अजनिया, मोहगंाव, मांद, चाबी, नारायणगंज समेत ग्रामीण इलाको में हर्ष और भक्तिभाव के साथ में महिलाओं ने निराहार व्रत धारण किया। रात्रि में भगवान शिव का पूजन किया। रात भर जागरण कर गीत संगीत के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
ग्राम बिंझिया में बांधा फुलहेरा
जिला मुख्यालय के नजदीकी ग्राम बिझिंया के शांति नगर में हरतालिका तीज का पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। शांति नगर की महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर मोनी स्नान कर दीपा ठाकुर के यहां फुलेहरा बांधकर सामुहिक रूप से हरतालिका तीज में भगवान शंकर और पार्वती की पूजा अर्चना की। रात्रि जागरण कर भजन कीर्तन किया। गंगौत्री ठाकुर, मधु ठाकुर, रेखा लोधी, जमनोत्रि सिंगरौरे, नेहा ठाकुर, अनुसुइया ठाकुर, दीपा ठाकुर, सिलोचना ठाकुर, ममता ठाकुर, प्रियंका ठाकुर आदि उपस्थित रहे।